टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस,टनकपुर-पीलीभीत पेसेंजर ट्रेन शाहजहांपुर तक विस्तार को जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी,

पीलीभीत के सांसद एवं माननीय केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने आज पीलीभीत रेलवे स्टेशन से टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन शाहजहाँपुर तक विस्तार का शुभारम्भ करते हुए दोनों रेलगाडियों को हरी झण्डी दिखाई, रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोगो इकट्ठे हुए, शुभारम्भ समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उन्होंने देशभर में शुरू की जा रही रेल सेवाओं को संबोधन किया।

बताते चले कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस नांदेड़ से तथा उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनकपुर से कार्यक्रम में सम्मिलित थे। इसके अलावा केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू तथा माननीय केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा भी अपने-अपने स्थानों से कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के कुशल मार्गदर्शन में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देश के दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित एवं तीव्र रेल सेवाओं से जोड़ने का कार्य निरन्तर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के संचालन से उत्तराखण्ड,उत्तर प्रदेश,मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के मध्य सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे धार्मिक यात्राओं, व्यापार,पर्यटन,शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े लाखों यात्रियों को आवागमन की व्यापक सुविधा प्राप्त होगी।वहीं टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर रेल सेवा के शाहजहाँपुर तक विस्तारित होने से पीलीभीत, पूरनपुर, बीसलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को शाहजहाँपुर तक अधिक सुलभ, त्वरित एवं किफायती रेल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही माँ पूर्णागिरि धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका विशेष लाभ मिल सकेगा। जितिन प्रसाद ने यह भी कहा कि पिछले दो वर्षों में उनके सतत एवं प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप पीलीभीत जनपद रेलवे विकास के क्षेत्र में निरन्तर नई उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहा है। वर्ष 2024 से अब तक जनपद को अनेक नई रेल सेवाओं की सौगात मिली है, विभिन्न एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के ठहराव सुनिश्चित हुए है, रेलवे स्टेशनों का सौन्दर्गीकरण एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है तथा पीलीभीत-मैलानी-बरेली रेलखंड के दोहरीकरण हेतु डीपीआर की स्वीकृति सहित रेलवे अवसंरचना से जुडी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएँ स्वीकृत हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के शुभारम्भ तथा टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर रेल सेवा के शाहजहाँपुर तक विस्तार के साथ पीलीभीत की रेल संपर्क व्यवस्था को एक नई दिशा और नई गति मिली है। इन रेल सेवाओं से जनपद के यात्रियों को देश के विभिन्न क्षेत्रों तक बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं धार्मिक यात्रा को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी जनपद की प्रत्येक महत्वपूर्ण रेल आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा तथा पीलीभीत को उत्तर भारत के एक सुदृढ रेल संपर्क केन्द्र के रूप में विकसित करने के प्रयास गिरनार जारी रहेंगे।

Leave a comment