रेलवे ट्रैक पर मिला नाबालिग का शव,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका,

उत्तर प्रदेश के बलिया में 16 वर्षीय किशोर समीर पटेल की मौत को परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मानकर चल रही है। समीर का शव गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर और बलिया के चित्तबड़ागांव थाना क्षेत्र के बीच रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।जलालपुर निवासी संजय किशोर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पार्जनों की मानें तो समीर पटेल अपने मोहल्ले के दो अन्य लड़कों के साथ किसी काम से चित्तबड़ागांव गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे उन्हें तेज प्रकाश गुप्ता नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने समीर पर अपनी बेटी से छेड़खानी का आरोप लगाया और धमकी दी कि समीर उनके पास है।एक वायरल ऑडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी समीर के पिता से पूछ रहा है कि उनके बेटे का क्या किया जाए, उसे ट्रेन की पटरी पर सुला दिया जाए। जवाब में पिता ने अपने बेटे को फटकार लगाई और आरोपियों से उसे छोड़ने की मिन्नत की। पिता ने आरोपियों से फोन पर समीर से उठक-बैठक कराकर वीडियो भेजने को भी कहा। इस धमकी के कुछ समय बाद ही समीर का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।मृतक के पिता संजय किशोर ने तेज प्रकाश गुप्ता, अभिषेक और शिवम पर समीर की हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों ने समीर को बुरी तरह पीटा और हत्या करने के बाद घटना को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया।परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मामले में ASP दक्षिणी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई,और शव का पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और मामले के हर पहलू पर जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही समीर पटेल की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a comment