
पीलीभीत में फर्जी क्यूआर कोड से पेट्रोल पंपों पर ठगी,तीन आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पेट्रोल पंपों पर ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि आरोपी पेट्रोल और डीजल भरवाने के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से फरार हो जाते थे। पूरनपुर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, तीन मोबाइल फोन, प्लास्टिक की दो कैन और ढाई हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूरा मामला पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 की रात पीलीभीत रोड स्थित डिल्लो सर्विस सेंटर के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर कार सवार दो लोग पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने करीब 15 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया और क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान करने का प्रयास किया।भुगतान सफल नहीं होने के बावजूद आरोपी बिना पैसे दिए वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े विवरणों की जांच की। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को खमरिया पट्टी तिराहे के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह,लवप्रीत सिंह और बलराज सिंह के रूप में हुई है,पुलिस की जांच में 5 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 के बीच 17 पेट्रोल पंपों पर भुगतान से जुड़ी कुल एक लाख 66 हजार 717 रुपये की संदिग्ध प्रविष्टियां भी सामने आई हैं।पुलिस के मुताबिक,आरोपी अपनी कार पर दूसरी गाड़ियों की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचते थे और ऑनलाइन भुगतान के नाम पर धोखाधड़ी कर फरार हो जाते थे।
फिलहाल पुलिस इस मामले में अन्य संभावित घटनाओं और संदिग्ध लेन-देन की भी जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो कार,दो फर्जी नंबर प्लेट,तीन मोबाइल फोन,दो कैन और ढाई हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply